सिकंदरपुर। सरयू नदी के उस पार खरीद-दरौली के दियारे में शनिवार को मिले युवक के शव के मामले में एक फोटो वायरल हो रही है। इससे सिकंदरपुर पुलिस पर सवाल उठ रहे हैं। वायरल फोटो से शव की पहचान एकदम स्पष्ट है। पिता का दावा है कि छह जुलाई को ही उसके लापता पुत्र का शव मिल गया था। पुलिस को दियारे के लोगों ने जानकारी भी दी थी। दो सिपाही मौके पर गए, फिर भी शव पोस्टमार्टम के लिए नहीं भेजा। हालांकि पुलिस का कहना है कि उक्त दोनों सिपाहियों की पहचान की कोशिश की जा रही है।
भाटी गांव निवासी नवीन कुमार (28) पुत्र रामरतन राम 30 जून की शाम गांव के ही बृजेश राय के साथ बाइक से सिकंदरपुर गया था। इसके बाद वापस नहीं आया। दो दिनों तक परिजन नवीन की तलाश करते रहे। तीन जुलाई को पिता रामरतन ने बृजेश समेत चार लोगों के खिलाफ अपहरण की तहरीर दी थी। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज की थी। शनिवार को सिकंदरपुर में संपूर्ण समाधान दिवस लगा तो नवीन के पिता प्रार्थना पत्र लेकर पहुंचे। थानाध्यक्ष ने बीच में ही रोक लिया। कहा कि दो बजे तक का समय दीजिए हम पता कर लेंगे। इस बीच शव खरीद-दरौली के दियारे में मिलने की सूचना पर गांव के लोग थाने पर पहंुचे थे और हंगामा किया था।
परिजनों ने ही तलाशे कपड़े और शव : परिजनों के अनुसार चरवाहों ने बताया कि ये सामान और क्षतविक्षत शव छह जुलाई से ही पड़ा है। उस समय पुलिस के ग्रुप में उसकी फोटो भेजकर सूचना भी दी गई थी। ग्रामीणों के अनुसार दो सिपाही आए थे, लेकिन वापस लौट गए।
पिता और बहनोई को बुलाया, फिर मांगी तहरीर : रविवार को सिकंदरपुर पुलिस ने नवीन के पिता व बहनोई को बुलाकर पूछा क्या कार्रवाई चाह रहे हैं? लिख करके दीजिए। उनसे नए तरीके से तहरीर भी मांगी। इससे पहले नवीन के पिता शनिवार को थाने में उच्चाधिकारियों से सामने पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप लगाए थे। निलंबित कर एफआईआर दर्ज करने और हत्या में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की थी।
सिपाहियों की कराई जा रही पहचान : मामले में सिकंदरपुर थाना प्रभारी ने बताया कि ग्रामीण और परिजन जिन दो सिपाहियों का नाम ले रहे हैं, उन्हें ट्रेस किया जा रहा है। वायरल फोटो को लेकर कहा कि विवेचक ने दिखाई थी, हमने नहीं दिखाई थी। वहीं, विवेचक चंद्रपाल कश्यप से इस बारे में जानकारी की गई तो वे गोलमोल करते रहे।
- प्रकरण में ग्रामीण कई तरीके की बात कर रहे हैं। शनिवार को मिले शव का पंचनामा कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया। मामले की जांच की जा रही है। - आशीष मिश्र, सीओ सिंकदरपुर
सिकंदरपुर में मिले शव के मामले में हर बिंदु की जांच की जा रही है। परिजनों की शिकायतें भी संज्ञान में हैं। किसी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। - विक्रांतवीर, एसपी बलिया