सोशल साइट्स पर हिंदू देवी के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने का मामला सामने आया है। इसको लेकर बलिया जिले के बेल्थरा रोड नगर पंचायत के चेयरमैन दिनेश कुमार गुप्त, अखिल भारतीय क्षत्रिय युवा महासभा के जिलाध्यक्ष राजीव सिंह टिल्लू ने रविवार को उभांव पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
तहरीर के अनुसार, एक व्यक्ति ने फेसबुक पर देवी दुर्गा पर आपत्तिजनक टिप्पणी की। इस पर दो और लोगों ने अभद्र टिप्पणी की है। इससे आस्था को ठेस पहुंचाने के साथ ही बेल्थरारोड का माहौल खराब करने की कोशिश की गई।
उल्लेखनीय है कि इसके पूर्व बेल्थरारोड में एक फर्जी नाम से संचालित फेसबुक आईडी के माध्यम से पुलिस, प्रशासन, नेताओं और समाजसेवियों पर आपत्तिजनक टिप्पणी की जाती रही है। इसका पता लगाने के लिए पुलिस ने काफी प्रयास भी किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। रसड़ा सीओ केपी सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।