बलिया। शहर की एक ही व्यक्ति की दो मोबाइल की दुकानों पर आयकर विभाग की टीम ने टैक्स चोरी की शिकायत पर बुधवार को छानबीन किया। गड़बड़ी मिलने पर 30 लाख रुपये का जुर्माना लगाया तथा कागजात अपने साथ लेकर चले गये।
शहर के चित्तू पांडे चौराहा और रामपुर उदयभान में एक ही व्यक्ति की दो दुकानें संचालित होती है। आयकर विभाग को टैक्स में गड़बड़ी की शिकायत मिली थी। इसके बाद विभाग की विशेष अनुसंधान आजमगढ़ की टीम दोनों प्रतिष्ठानों पर पहुंची और बिल-बाउचर की जांच-पड़ताल किया। आयकर विभाग के ज्वाइंट कमिश्नर नीलेश सिंह ने बताया कि जांच में खरीद-बिक्री के आधार पर दुकानदार के द्वारा टैक्स कम जमा होना पाया गया। उनका कहना है कि तहकीकात में करीब दो करोड़ रुपये का टर्न ओवर पाया गया। इसके आधार पर दुकानदार पर 30 लाख रुपये जुर्माना लगाया गया। इसके साथ ही बिल, बाउचर और स्टाक रजिस्टर का मिलान करने के बाद उसे कब्जा में ले लिया गया। कार्रवाई करने वाली टीम में मैनेजर चौरसिया, निधि श्रीवास्तव, अनिल कुमार भानू प्रताप आदि थे।