जनपद के अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क दुर्घटना में पांच लोगों की मौत हो गई वहीं तीन लोग घायल हो गए। थाना क्षेत्र के लक्ष्मणपुर गांव के पास शनिवार की शाम मैजिक और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति सहित मैजिक चालक की मौत हो गई। वहीं बाइक सवार दो अन्य युवकों के साथ मैजिक सवार एक अधेड़ भी घायल हो गए । घायलों में एक की हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने उसे वाराणसी के लिए रेफर कर दिया।
नरहीं शनिवार की शाम लक्ष्मणपुर गांव के पास भरौली की ओर से तेज गति से आ रही मैजिक के साथ बलिया की ओर से जा रहे बाइक सवार तीन युवकों की जोरदार टक्कर हो गई। जिससे बाइक चला रहे कोट अंजोरपुर निवासी विपुल (30) के साथ मैजिक चालक करंजातर निवासी सूरज यादव (25) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक सवार अतुल राय (25) , राजकुमार राय (20) के साथ मैजिक सवार खरगोश खरवार (48) घायल हो गए। आसपास के लोगों ने सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया।
गड़वार/िचलकहर संवाददाता के मुताबिक गड़वार थाना क्षेत्र के जिगनी खास निवासी राकेश सिंह मंटू (30) एवं उसका दोस्त गड़वार कस्बा निवासी राजू पटेल (31) अपने दोस्त की (अंबेडकर) बारात करने थाना क्षेत्र के नराव गांव गए हुए थे। जहां से भोजन करने के बाद बाइक से दोनों घर आ रहे थे। जैसे ही कुरेजी पुलिया के पास पहुंचे कि किसी अज्ञात चार पहिया वाहन ने जोर का टक्कर मार दिया। जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
गश्त कर रही गड़वार पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां रास्ते में दोनों ने दम तोड़ दिया। मृतक राजू के बड़े भाई मोती पटेल ने अज्ञात के विरुद्ध थाने में तहरीर दे दी। उधर दुबहर थाना क्षेत्र के नेतलाल के छपरा गांव के समीप ट्रक चालक ओम प्रकाश पासवान सड़क पर ट्रक खड़ा कर अपने घर नेतलाल के छपरा गया था। वापस आकर जैसे ही वह ट्रक पर चढ़ने का प्रयास किया। इसी बीच बैरिया की ओर से आ रही ट्रक ने उसे रौंदते हुए निकल गया। जिससे ट्रक चालक ओमप्रकाश की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद टक्कर मारने वाला ट्रक चालक ट्रक लेकर भागने सफल रहा। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अंत्यपरीक्षण के लिए भेज दिया।