गंगा उस पार स्थित नौरंगा गांव के दो किशोर युवक शनिवार को सुबह गंगा में स्नान करते समय डूब गए। घटना के बाद स्थानीय गोताखोर की मदद से दोनों को बाहर निकाला गया तथा आनन-फानन में भोजपुर जनपद के शाहपुर सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
बताया जाता है कि नौरंगा गांव निवासी गोलू (16) पुत्र टुनटुन ठाकुर तथा गुड्डू ठाकुर (13) पुत्र सतेंद्र ठाकुर नौरंगा गांव के सामने गंगा में स्नान कर रहे थे। इसी बीच गहरे पानी में जाने के कारण दोनों डूबने लगे। आसपास के लोगों के शोर मचाने के बाद गांव के ही गोताखोर हरि यादव ने दोनों को गंगा नदी से बाहर निकाला। ग्रामीणों की मानें तो गोलू इसी साल हाई स्कूल की परीक्षा दिया था, जबकि गुड्डू कक्षा पांचवीं का छात्र है। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर नायब तहसीलदार बैरिया शशिकांत मणि व एसएचओ परमानंद द्विवेदी पहुंच गए तथा दोनों के परिवार वालों से मिले तथा ढांढस बंधाते हुए हर संभव मदद का आश्वासन दिए।