बलिया। सफेद बालू खनन के मामले में तटवर्ती इलाका हमेशा बदनाम रहा है। अभी वृहस्पतिवार को जिला खनन अधिकारी ने कुछ जगहों पर डंप सफेद बालू को पकड़ा था कि फिर मंगलवार को सीओ सिटी व एसडीएम सदर की टीम ने छापेमारी कर भंडारण किए गए 280 घन मीटर सफेद बालू को सीज किया। टीम ने एक लोडर भी सीज करते हुए नरहीं थाने को सुपुर्द कर दिया। इस मामले में जिला खनन अधिकारी की ओर से मुकदमा दर्ज कराने की कार्रवाई चल रही है। चौंकाने वाली बात है यह कि टीम के पहुंचने से पहले ही बालू माफियाओं को टीम पहुंचने की भनक लग गई थी और दर्जनों ट्रैक्टर मौके से फरार हो चुके थे।
इलाके के कोट अंजोर पुर से लेकर कोटवा नारायणपुर तक गंगा की रेती में बड़े पैमाने पर खनन माफिया बड़ी मशीनों के साथ सैकड़ों ट्रैक्टरों से अवैध खनन दिन रात करते हैं। मंगलवार को एसडीएम सदर अखिलेश यादव, सीओ सिटी एसएन वैभव पांडेय व नरहीं थाना प्रभारी पन्नेंलाल ने छापेमारी कर भारी मात्रा में सफेद बालू, एक बालू उठाने वाली मशीन के साथ दो लोगों को हिरासत में ले लिया। इसके बाद बालू माफियाओं में हड़कंप मच गया। बता दें कि गंगा के जलस्तर में वृद्धि शुरू होते ही बालू माफिया सफेद बालू खनन पर भंडारण में जुट गए हैं। नदी में पानी भर जाने के बाद सफेद बालू को ऊंचे दामों पर बेचते हैं। इस बाबत जिला खनन अधिकारी जितेश कुमार सिंह ने बताया कि छापेमारी में तीन स्थानों पर रखे 280 घन मीटर सफेद बालू को सीज किया गया है। एक लोडर भी सीज किया गया। मुकदमा दर्ज कराने की कार्रवाई चल रही है।