बलिया जिले के अलग-अलग स्थानों से पिछले दिनों गिरफ्तार किए गए तीन लोगों ने पूछताछ में कई खुलासे किए हैं। आरोपियों ने बताया कि तीन हजार रुपये में ऑनलाइन अवैध सॉफ्टवेयर की खरीदारी करते हैं। इससे 20 सेकंड में 15 ई टिकट बना लेते हैं। आरोपियों से मिली जानकारी के बाद रेलवे की अपराध शाखा ने अवैध सॉफ्टवेयर बनाने वाले आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
आरपीएफ प्रभारी अजय कुमार सिंह और निरीक्षक सीआईबी अजय कुमार राय ने बीते शुक्रवार को दो स्थानों पर छापेमारी कर अवैध ई-टिकट बनाने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया था। जिले के सूर्यपुरा स्थित साइबर कैफे और जनसेवा केंद्र से संचालक रमेश कुमार चौहान, गाजीपुर के लठूडीह स्थित बिरजू सॉफ्टवेयर से बिरजू चौहान, नगरा के चंद्रवार दुगोली से अमित को गिरफ्तार किया था।
प्रभारी सीआईबी अजय राय ने बताया कि सॉफ्टवेयर बनाने वाले की तलाश में आईटी टीम की मदद ली जा रही है। उससे पूछताछ में कई अन्य खुलासे हो सकते हैं जालसाजों के जाल महानगरों तक फैले हुए हैं।