बलिया। बेसिक शिक्षा विभाग ने आधार पंजीयन के बाद टोल फ्री नंबर पर मौजूदा स्थिति को जांचने का निर्णय लिया है। आधार नंबर प्राप्त कर प्रमाणीकरण की कार्रवाई पूरी कर अवशेष बच्चों का आधार बनवाने की योजना बनाई है। बीएसए मनीष सिंह ने प्रधानाध्यापकों व बीईओ को पत्र जारी कर तीन दिन में टोल-फ्री नंबर से स्थिति की जांच कर प्रमाणीकरण कार्रवाई पूरी करते हुए रिपोर्ट देने को कहा है।
जिले में 2249 परिषदीय विद्यालय संचालित होते हैं। इसमें करीब तीन लाख 12 हजार बच्चे पंजीकृत हैं। जहां कक्षा एक से आठ तक के बच्चों को सरकार दो जोड़ी ड्रेस, एक स्वेटर, एक जूता, दो जोड़ी मोजे और एक बैग प्रदान करती है। इसके लिए प्रति छात्र की दर से 1200 रुपये अनुदान दिया जाना है। अनुदान राशि अंतरण नौनिहालों के अभिभावकों के बैंक खाते में अंतरित की जानी है। पहले चरण में अगस्त में 162144 बच्चों के अभिभावकों को यह पैसा भेजा गया। करीब 26 हजार 194 बच्चों के अभिभावकों को दूसरे चरण में धनराशि भेजी जानी है। आधार पंजीयन के बावजूद पोर्टल पर अब तक 3781 नौनिहाल आधार विहीन प्रदर्शित हो रहे हैं। इसके लिए विभाग ने नई पहल शुरू की है। योजना के तहत टोल फ्री नंबर 1947 पर गुरुजी को कॉल कर बच्चों को आधार स्टेटस / आधार नंबर प्राप्त करने के साथ प्रमाणीकरण करने तो आधार विहीन बच्चों को चिह्नित कर उनका आधार कार्ड तैयार करने की जिम्मेदारी दी गई है।
जल्द पूरी होगी आधार प्रमाणीकरण प्रक्रिया
बीएसए मनीष सिंह ने बताया कि आधार कार्ड पंजीयन के बाद डाक से कार्ड आने में समय लगता है। योजना से बच्चों को लाभान्वित करने में विलंब हो रहा है। शत प्रतिशत बच्चों को लाभान्वित किया जा सके। इसके लिए टोल फ्री नंबर से आधार कार्ड नंबर प्राप्त कर प्रमाणीकरण की कार्रवाई गतिमान है। जल्द ही आधार कार्ड प्राप्त होने तक का इंतजार किए बिना प्रक्रिया पूरी होगी तो नौनिहालों को समय से लाभ मिलेगा।