बैरिया। उत्तर प्रदेश और बिहार के पशु व्यापारियों से इब्राहिमाबाद का पशु मेला गुलजार हो गया है। यहां पशुओं की खरीद-बिक्री भी शुरु हो चुकी है। बुधवार को लगभग 36 मवेशियों की बिक्री हुई। मेला में 1.20 लाख रुपये मूल्य की बैलों की जोड़ी आकर्षण का केंद्र बनी रही।
अभी तक मेले में दुधारु पशुओं की आवक नहीं हो पाई है। पशु व्यापारियों ने बताया कि दुधारू पशुओं की आवक एक सप्ताह बाद शुरू हो जाएगी। उधर, मेले में रसड़ा निवासी पशु व्यापारी राजू सिंह बैलों को लेकर आए हैं। इनमें 1.20 लाख रुपये कीमत की एक बैलों की जोड़ी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी है। राजू सिंह का कहना है कि बैलों की इस जोड़ी को वह कम कीमत पर नहीं बेचेंगे। ग्राहकों के अलावा अन्य लोग भी इन बैलों की जोड़ी को देखने के लिए पहुंच रहे हैं। जिला पंचायत की ओर से मवेशियों का टिकट 150 रुपये और विक्रय पंजीकरण शुल्क 250 रुपये निर्धारित किया है। रोशनी सफाई व पेयजल की भी समुचित व्यवस्था की गई है।
शिकायत के बावजूद पुलिस की मनमानी जारी
बैरिया। विधायक सुरेंद्र सिंह के अपर पुलिस अधीक्षक संजय कुमार से शिकायत करने पर बलिया-बैरिया मार्ग के थानों पर पशु व्यापारियों से अवैध वसूली बंद हो गई है। लेकिन बांसडीह व सहतवार के रास्ते आने वाले थानों पर पशु व्यापारियों से वसूली की जा रही है। मंगलवार की रात को ट्रक से लेकर इब्राहिमाबाद पशु मेला में आ रहे व्यापारियों को पुलिस ने पकड़ कर ट्रक को जब्त कर लिया। विधायक ने कहा है कि पुलिस की मनमानी इसी तरह जारी रही तो वह उनके खिलाफ सड़क पर उतरा जाएगा।