गंगा नदी में डूबने से मृतका आनंद नगर निवासी इंदू देवी। फाइल फोटो परिजन
दुबहर। थाना क्षेत्र के जनेश्वर मिश्र सेतु के नीचे सोमवार शाम गंगा में पूजा सामग्री विसर्जित करते समय डूबे पति-पत्नी में से मंगलवार को पत्नी का शव नदी में मिला। शव की शिनाख्त टैगोर नगर निवासी इंदू देवी (45) के रूप में हुई। हादसे के बाद से लापता पति अधिवक्ता ओमप्रकाश दुबे (49) की तलाश में एनडीआरएफ की टीम देर शाम तक नदी में अभियान चलाती रही, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।
बांसडीहरोड निवासी ओमप्रकाश दुबे अपनी पत्नी इंदू देवी के साथ शहर के टैगोर नगर में रहते थे। परिजनों के अनुसार, सोमवार को घर में सुख-समृद्धि के लिए रुद्राभिषेक कराया गया था। शाम को दोनों पूजा सामग्री गंगा में प्रवाहित करने जनेश्वर मिश्र सेतु पहुंचे थे। नदी में बाढ़ के कारण जलस्तर बढ़ा था। सेतु के नीचे सामग्री विसर्जित करने के दौरान अचानक पैर फिसलने से दोनों गहरे पानी में चले गए। एक-दूसरे को बचाने के प्रयास में दोनों नदी में समा गए। देर रात तक दोनों के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। मंगलवार सुबह परिजनों ने सदर कोतवाली पुलिस को दोनों के लापता होने की सूचना दी। इसी बीच दुबहर क्षेत्र में जनेश्वर मिश्र सेतु के पास गंगा में एक अज्ञात महिला का शव मिलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान इंदू देवी के रूप में की।
पत्नी का शव मिलने के बाद प्रशासन ने ओमप्रकाश की तलाश के लिए एनडीआरएफ को बुलाया। टीम ने देर शाम तक नदी में अभियान चलाया, लेकिन सफलता नहीं मिली। थानाध्यक्ष अनुपम जायसवाल ने बताया कि नदी से मिले महिला के शव की शिनाख्त हो गई है। परिजनों की सूचना पर पति की तलाश एनडीआरएफ टीम कर रही है। टीम के साथ नदी तट पर मौजूद है।