सिकंदरपुर। क्षेत्र के देवकली गांव में निकल रही एचटी लाइन को ग्रामीणों ने रोक दिया। इस दौरान विद्युतकर्मियों से उनकी जमकर नोकझोंक हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मोर्चा संभाला और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया।
गांव में विद्युतीकरण के लिए बिजली खंभे एवं तार लगाए जा रहे हैं। इसी के तहत सिकंदरपुर तहसील क्षेत्र के गांव देवकली गाहाडीह के विद्युतीकरण के लिए गांव से सटाकर एचटी लाइन विद्युत खंभा लगाया गया था। उसके ऊपर तार खींचा जा रहा था। इसके खिलाफ गांव के सैकड़ों लोग मौके पर पहुंचे और काम रुकवा दिया। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री पोर्टल, जिलाधिकारी तथा विद्युत विभाग के उच्च अधिकारियों से शिकायत की। कहा कि ग्राम सभा की सघन आबादी से सटकर विद्युत तार जा रहा है। इससे कभी भी कोई अनहोनी से इनकार नहीं किया जा सकता। इसे लेकर विद्युत विभाग और ग्रामीणों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। विद्युत विभाग के कर्मचारियों द्वारा पुलिस बल का सहयोग लिया गया। तब विद्युत तार लगाया जा सका। ग्रामीणों का आरोप है कि ग्रामसभा से सटे पोल लगा करके विद्युत विभाग के लोगों ने अपना गला बचाया है। पूरे गांव को खतरे में डाल दिया है। गाइड लाइन है कि ग्रामसभा में आने जाने वाले रास्ते से 25 मीटर दूरी पर विद्युत पोल लगाया जाए। रामप्रकाश, देवेंद्र, जलालुद्दीन, कयूमउद्दीन, सरवन चौहान, अमरनाथ चौहान, ऋषिकेश चौहान, संजय कुमार पांडेय, ओम प्रकाश राम सहित दर्जनों ग्रामीणों ने जान माल की रक्षा के लिए अधिकारियों से से गुहार लगाई है।