बैरिया। शनिवार की मध्यरात्रि दो से तीन बजे के बीच तेज गरज-चमक के साथ चकिया में अजय सिंह के मकान पर बिजली गिरने से भारी नुकसान हो गया।
बिजली सीधे मकान की छत पर गिरने से उसका एक हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं तेज विद्युत झटके से घर में रखा इन्वर्टर और बैटरी फट गई। इसके अलावा फ्रिज, पंखा, इन्वर्टर समेत कई विद्युत उपकरण भी खराब हो गए।
आकाशीय बिजली गिरने के दौरान अचानक हुई तेज आवाज से परिवार में दहशत फैल गई। हालांकि, गनीमत रही कि घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई और परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित बच गए। शनिवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
ग्रामीणों ने मकान का जायजा लिया और आकाशीय बिजली से हुई क्षति को देखकर घटना को भयावह बताया। चकिया के पूर्व प्रतिनिधि अरुण सिंह भी पहुंचे । उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नुकसान की जानकारी देते हुए पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। संवाद