बलिया जिले में सुरेमनपुर दियरांचल के सरयू नदी के छाड़न के उसपार सोमवार दोपहर अधिसीझुवा व गोपालनगर मौजा के दियारे में अचानक लगी आग में लगभग 200 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। आरोप है कि मौके पर न तो फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंची न कोई अधिकारी। ग्रामीणों ने घंटे प्रयास के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया।
सोमवार दोपहर अज्ञात कारणों से गोपालनगर के किसान कपिल सिंह के गेहूं की फसल में अज्ञात कारणों से अचानक आग लग गई। देखते ही देखते उस आग के चपेट में महाबीर यादव, छोटू यादव, भुवर यादव, राजेश यादव निवासी गोपालनगर, सुरेश यादव, नन्हक यादव निवासी घोड़हर सहित दो दर्जन से अधिक किसानों की लगभग 200 बीघा में खड़ी फसल जलकर राख हो गई।
उपजिलाधिकारी आत्रेय मिश्र ने बताया कि नुकसान का आकलन करने के लिए क्षेत्रीय लेखपाल को मौके पर भेजा गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने पर मुवावजा के लिए इसी मंडी समिति को पत्र भेजा जाएगा। क्षेत्र में ताबड़तोड़ हो रही आगलगी की घटनाओं से किसान दहशत में है।