होमगार्ड कमांडेंट कार्यालय पर मकान मालिक द्वारा जड़ा गया ताला।
जिला होमगार्ड कमांडेंट कार्यालय रामपुर उदयभान का बढ़ा हुआ किराया भुगतान नहीं करने पर सोमवार को मकान मालिक ने मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया। कार्यालय खोलने के समय पहुंचे विभागीय कर्मचारियों ने ताला खोलने के लिए मकान मालिक पर काफी दबाव बनाया, लेकिन देरशाम तक ताला नहीं खोला जा सका। इसके बाद कर्मचारियों ने बाहर ही खड़े होकर बाइक पर कामकाज निपटाया। मकानमालिक ने बताया कि 21 दिसंबर को इनका अनुबंध भी समाप्त हो गया था।
सूत्रों की मानें तो रामपुर उदयभान निवासी रामप्रवेश सिंह के मकान में करीब एक दशक से अधिक समय पहले होमगार्ड के जिला कमांडेंट के लिए कार्यालय किराए पर दिया गया था। लेकिन कई सालों तक कार्यालय चलाने के बाद भी विभाग के लोगों ने किराया नहीं बढ़ाया तो मकान मालिक ने सोमवार को कार्यालय के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया।
ताला जड़ने के बाद विभाग के कर्मचारी और अधिकारी पहुंचे, लेकिन किराया बढ़ाने के मामले में कोई स्पष्ट जवाब नहीं देने पर ताला नहीं खुल सका। भवन स्वामी विजय कुमार सिंह का कहना था कि जब विभाग के अफसरों ने लिख कर दे दिया है कि कार्यालय के लिए किया गया अनुबंध 21 दिसंबर 2016 को समाप्त हो गया है तो फिर बिना अनुबंध कराए कार्यालय का ताला खोलने का कोई हक नहीं है। जबतक विभाग का कोई बड़ा अफसर मौके पर पहुंचकर सही आश्वासन नहीं देता है कार्यालय का ताला नहीं खोला जाएगा। विभाग चाहे तो केस करा सकता है।