कस्बा स्थित मुंसफी तिराहे पर शनिवार की दोपहर में जाम में फंसे बाइक सवार मुनीम के झोले में रखे रुपयों पर उच्चकों ने हाथ साफ कर दिया। मुनीम को रुपया गायब होने की जानकारी होने पर हल्ला मचाने पर भारी संख्या में लोग एकत्र हो गए। दिन-दहाड़े बीच बाजार में हुई घटना से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई। प्यारे लाल चौराहे के समीप बंटी स्टोर के मालिक संजय कुमार ने मुनीम अरविंद गुप्ता निवासी महराजपुर को चार लाख 60 हजार रुपये देकर एचडीएफसी बैंक में जमा करने को भेजा। मुंसफी तिराहे के पास जाम लग गया। उसी दौरान उच्चकों ने बाइक के हैंडल से रुपये से भरा झोला लेकर रफू चक्कर हो गए। पीड़ित ने इसकी शिकायत पुलिस को दी। क्षेत्राधिकारी मो. फहीम कुरैशी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर जांच-पड़ताल की जा रही है। सीसी कैमरे से उच्चकों की तलाश हो रही है।