बैरिया। तहसील क्षेत्र के 12 गांवों में स्वास्थ्य विभाग का हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर एक साल से कागजों पर ही चल रहा है। जबकि हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर कहीं नहीं बन सका है। इसका खुलासा खंड विकास अधिकारी बैरिया व मुरलीछपरा की ओर से किए गए सत्यापन में हुआ है।
बताया जाता है कि एक सप्ताह पूर्व सीएमओ कार्यालय द्वारा खंड विकास अधिकारी बैरिया और मुरलीछपर से वर्ष हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर निर्माण के बाबत जानकारी मांगी गई थी। सीएमओ कार्यालय की ओर से बताया गया कि 2019-20 में ग्राम पंचायत टेंगरही, जगदेवा, मानगढ़, बलिहार,श्रीनगर, नवका गांव तथा वर्ष 2020-21 में ग्राम पंचायत चकिया, नौरंगा, दयाछपरा, गोन्हियाछपरा, गोपालपुर, चाईछपरा व मुरलीछपरा ब्लॉक क्षेत्र के जयप्रकाश नगर स्थित ज्योतिनगर में व लक्ष्मीपुर में भी हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर का आवंटन किया गया है, इसका सत्यापन कर रिपोर्ट दें। बीडीओ ने सूची के अनुसार हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों का निरीक्षण किया और रिपोर्ट भेज दी। रिपोर्ट में बीडीओ ने बलिहार में नींव स्तर, नवकागांव व चकिया में नींव खोदाई का काम दिखाया है। जबकि अन्य ग्राम पंचायतों में कार्य का शुरू नहीं होना बताया है। उधर, नवकागांव के प्रधान प्रतिनिधि रविप्रताप सिंह ने बताया कि उनके ग्राम पंचायत में हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के नाम पर कहीं भी नींव खोदाई का कार्य नहीं हुआ है यही स्थिति बलिहार की भी है। इस बाबत कोटवां के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉक्टर प्रेम प्रकाश ने बताया कि हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा चिकित्सा से संबंधित व्यक्ति को ट्रेंड कर एक हेल्थ अफसर की तैनाती किया जाता है। उक्त हेल्थ अफसर द्वारा ग्राम पंचायत के किसी भी व्यक्ति के सर्दी-खांसी, बुखार होने पर उनका इलाज करता है और नि:शुल्क दवा उपलब्ध कराता है। लेकिन उन्होंने हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर बनने की जानकारी से इंकार कर दिया। बताया कि निर्माण होने के बाद स्वास्थ्य विभाग को संबंधित ठेकेदार जब हैंडओवर करता है तब हम लोगों को जानकारी मिलती है।
-------------------
सीएमओ ऑफिस से हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के निर्माण की जांच करने के लिए पत्र आया था। जांच में बलिहार ग्राम पंचायत में हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर नींव स्तर तक बन गया है। जबकि नवकागांव में नींव की खुदाई हुई है, अन्य ग्राम पंचायतों में अभी कार्य शुरू नहीं हुआ है। जांच रिपोर्ट सीएमओ कार्यालय को भेज दी गई है।
- रामआशीष, खंड विकास अधिकारी, बैरिया