बलिया जिले में सिकंदरपुर-बेल्थरा मार्ग पर बुधवार की सुबह एक तेज रफ्तार पिकअप और टेंपो के बीच आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में तीन लोग घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
क्या है मामला
बड़ा मोहल्ला निवासी सूरज तुरहा (25) पुत्र सुभाष, राजेंद्र तुरहा (60) तथा मिट्ठू (25) पुत्र राजन तुरहा बुधवार सुबह करीब 6 बजे टेंपो से मछली मारने के लिए जा रहे थे। जैसे ही उनका वाहन सिकंदरपुर-बेल्थरा मार्ग पर नगरा मोड़ के पास पहुंचा, तभी बेल्थरा रोड की तरफ से तेज गति से आ रही पिकअप ने सामने से टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। दुर्घटना में टेंपो सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए और मदद के लिए चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदरपुर पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सकों के अनुसार, राजेंद्र तुरहा की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जबकि सूरज और मिट्ठू का इलाज सीएचसी पर चल रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पिकअप की रफ्तार काफी तेज थी, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और यह हादसा हो गया। घटना के बाद पुलिस को सूचना दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार पिकअप चालक की तलाश की जा रही है।
स्थानीय लोगों ने इस मार्ग पर बढ़ती दुर्घटनाओं को लेकर चिंता जताई है और प्रशासन से नगरा मोड़ के पास यातायात व्यवस्था सुधारने तथा गति नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।