टीईटी अनिवार्यता के विरोध में सलेमपुर सांसद रमाशंकर राजभर को पत्रक सौंपते शिक्षकगण।संवाद
बेल्थरारोड। टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के प्रतिनिधियों ने सलेमपुर के सपा सांसद रमाशंकर राजभर विद्यार्थी को उनके आवास पर एक ज्ञापन सौंपा। इसमें वर्ष 2010 से पहले नियुक्त शिक्षकों के लिए टीईटी की अनिवार्यता समाप्त करने की मांग की गई है। प्रतिनिधियों का कहना है कि एनसीटीई की 23 अगस्त 2010 की अधिसूचना में इन शिक्षकों को छूट दी गई थी, लेकिन हालिया न्यायिक आदेशों के बाद इसे समाप्त कर दिया गया है। इससे देश के लगभग 25 लाख शिक्षकों की नौकरियों पर संकट मंडरा रहा है। सांसद रमाशंकर राजभर ने इस मुद्दे को संसद में उठाने और शिक्षकों के हित में संघर्ष करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष जितेंद्र सिंह, राजेश पांडेय, सुशील कुमार और ज्ञानेंद्र गुप्ता सहित कई शिक्षक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।