नगर के शहीद पार्क चौक में गुरुनानक जयंती पर लोगों में प्रसाद वितरित करते सिख समुदाय के लोग। जाग
श्री गुरु नानक देव जी महाराज का पावन प्रकाश गुरुपर्व मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा के दिन सिख समाज द्वारा श्रद्धा पूर्वक मनाया गया। इसके तहत चौक स्थित गुरुद्वारा साहिब में मुख्य समारोह आयोजित किया गया। इसमें हजूरी रागी जत्था द्वारा कीर्तन कर संगत को निहाल किया गया, साथ ही जत्थे द्वारा गुरु नानक देव जी महाराज के जीवन पर प्रकाश डाला गया। इस मौके पर गुरु नानक देव जी महाराज के मुख्य उपदेश , नाम जपो, कीरत करो, वंड छको , मानवता की सेवा, अव्वल अल्लाह नूर उपाया कुदरत के सब बंदे, एक नूर ते सब जग उपजाया कौन भले को मंदे आदि का बखान किया गया।
गुरु नानक देव जी के द्वारा 20 रुपये से साधुओं को भोजन करवा कर शुरू की गई लंगर प्रथा आज भी जारी है। और विश्व के हर कोने में आज भी सभी गुरुद्वारे में सबको समान रूप में एक पंगत में बैठकर भोजन कराया जाता है। श्रद्धालुओं ने गुरुद्वारा साहिब में मत्था टेका और कीर्तन श्रवण किया। इसके बाद अरदास के साथ दीवान का समापन हुआ। इसके बाद गुरु का अटूट लंगर चला। इसमें बड़ी संख्या में संगत ने हिस्सा लिया। गंगा स्नान करने वाले श्रद्धालुओं की सेवा हेतु सेवा शिविर का भी आयोजन बलिया सिख समाज की तरफ से चौक में किया गया। कमेटी के प्रधान हरजीत सिंह चावला, महासचिव स्वर्ण सिंह, जगजीत सिंह बाबू, सुरजीत सिंह एडवोकेट, सुरेंद्र सिंह बब्बू, इंद्रपाल सिंह सोनू आदि मौजूद थे।