अभिलेखों की जांच करते जिलाधिकारी सुरेंद्र विक्रम।
- फोटो : अमर उजाला
जिलाधिकारी सुरेंद्र विक्रम ने गुलाब देवी महिला महाविद्यालय के लिपिक सुजीत श्रीवास्तव को निलंबित करने का आदेश दिया है। वह लंबे समय से अनुपस्थित चल रहे थे। इसके अलावा प्राचार्या विभा चतुर्वेदी के सेवानिवृत्त होने के बाद महाविद्यालय की अगली कार्यवाहक प्राचार्या डॉ. अर्चना श्रीवास्तव होंगी। कॉलेज में सोमवार को बतौर प्रशासक जिलाधिकारी ने सभी स्टॉफ के साथ बैठक कर कार्रवाई की। मंगलवार से शुरू हो रही परीक्षा के लिए उन्हीं को केंद्राध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। साथ ही सहायक के रूप में डॉ.रीना सक्सेना व नमिता श्रीवास्तव को सहयोगी बनाया।
महाविद्यालय में बतौर प्रशासक औचक निरीक्षण करने पहुंचे जिलाधिकारी ने जब उपस्थिति पंजिका की जांच की तो पाया कि मई 2017 से ही लिपिक सुजीत श्रीवास्तव गायब हैं। इस पर उन्होंने लिपिक को तत्काल निलंबित करने का आदेश दिया। निरीक्षण के दौरान कई अध्यापिकाएं भी काफी देर से कॉलेज आईं। जिलाधिकारी ने फटकार लगाते हुए समय से आने की चेतावनी दी।
डीएम ने छह मार्च से शुुरु हो रहीं परीक्षाओं के बाबत जायजा लिया। कहा कि केंद्राध्यक्ष के नेतृत्व में सभी लोग टीम भावना के साथ काम करें। बताया कि वरिष्ठता के आधार पर डा. अर्चना श्रीवास्तव को प्राचार्या व केंद्राध्यक्ष बनाने का निर्णय किया गया। जिलाधिकारी ने सेवानिवृत्त प्राचार्य डॉ वीभा चतुर्वेदी को सत्र लाभ देते हुए संरक्षक की जिम्मेदारी सौंपी। उन्होंने शौचालय की सफाई, शुद्ध पेयजल की व्यवस्था, पानी टंकी की साफ सफाई कराने कराने का निर्देश दिया। कहा कि उत्तर पुस्तिकाओं के लेखा-जोखा का रिकार्ड दुरुस्त कर लें। इस मौके पर मुख्य कोषाधिकारी प्रकाश सिंह भी थे।