बलिया। शहर के सिनेमा रोड निवासी संजीव वर्मा ने पुलिस को तहरीर देकर ऑनलाइन ठगी का आरोप लगाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मोबाइल नंबर पर एक वॉट्स्ऐप लिंक आया, जिसमें उन्हें यूट्यूब टॉस्क करने के एवज में प्रतिदिन तीन से दस हजार की आमदनी होने को कहा गया। दो टॉस्क पूरा करने पर बैंक खाते में सौ-सौ रुपये मिले। इसी प्रकार दो से तीन बार पैसा देने के बाद मुझे वीआइपी ग्रुप में जोड़ा। जिसमें कई और सदस्य थे। इसमें प्रीपैड टॉस्क करवाने का निर्देश हुआ। ग्रुप में शामिल अन्य मेम्बरों से फोन कर पता करने पर उन्होंने अच्छी कमाई होने का दावा किया। मैने पत्नी के गहने बेचकर व कुछ व्यापारी मित्रों से कर्ज लेकर करीब 618754 रुपये को उनके द्वारा दिए गए अलग-अलग सदस्यों के बैंक खाते में भेजा। पैसा जमा करवाने के बाद उन्होंने ग्रुप व चैनल बंद कर दिया। कई दिन इंतजार करने के बाद भी मेरे पैसा नहीं लौटाया। संजीव ने कहा कि इसकी शिकायत साइबर सेल में भी की है। मैंने कुछ पैसा कर्ज लेकर जमा करवाया था। उन्होंने मुकदमा दर्ज कर पैसा वापस मंगाने की मांग की।