बलिया। माह-ए-रमजान की अलविदा नमाज शहर सहित ग्रामीण इलाकों में अकीदत के साथ अदा की गई। बड़ी संख्या में रोजेदार मस्जिदों-ईदगाहों में पहुंचे और अल्लाह की बारगाह में सिर झुकाया। इस दौरान लकदक कपड़े और इत्र लगाए लोगों के चेहरे पर ईद की खुशियां देखते ही बन रही थी। सुरक्षा के मद्देनजर हर ओर चाक-चौबंद व्यवस्था रही। इस दौरान हिंदुओं के सहयोग से माहौल सौहार्दनुमा रहा।
माहे रमजान में अलविदा की नमाज नगर के विशुनीपुर जामा मस्जिद, गुदरी बाजार स्थित पुरानी मस्जिद, राजपूत नेउरी, काजीपुरा, बहेरी, परमंदापुर के मस्जिदों में अकीदत के साथ अदा की गई। इसके अलावा नगर से सटे निधरिया, मिड्ढा, आमडारी, गोठहुली गांव आदि के मस्जिदों में जुमे की नमाज अदा की गई।
इस दौरान मुस्लिम बंधुओं ने अमनचैन के लिए दुआ की। नगर के विशुनीपुर जामा मस्जिद व गुदरी बाजार स्थित पुरानी मस्जिद पर कड़ी सुरक्षा रही। अलविदा नमाज पर जनपद की सभी मस्जिदों में नमाजियों का हुजूम उमड़ पड़ा। माहे रमजान का आखिरी जुमा खास अहमियत रखता है। यह रमजान की रुखसती (विदाई) का संकेत होता है।
इसी कारण से इसे अलविदा और छोटी ईद भी कहा जाता है। शुक्रवार को अलविदा जुमा पर रोजेदार दोपहर बारह बजे से ही मस्जिदों में पहुंचने लगे थे। जनपद की सैकड़ों मस्जिदों में रोजेदारों ने नमाज अदा की। जुमे की नमाज जिले की अलग अलग मस्जिदों में अपराह्न एक बजे से 2.30 बजे तक अदा की गई। इस दौरान भारी संख्या में पुलिस बल मस्जिदों के आसपास सुरक्षा की दृष्टि से तैनात किए गए थे।
रसड़ा कस्बा सहित क्षेत्र के विभिन्न गांव में अलविदा की नमाज अदा किया। उपजिलाधिकारी बाबूराम, क्षेत्राधिकारी श्रीराम, कोतवाली प्रभारी जगदीश यादव पुलिस और पीएसी के जवान तैनात किया गया था। हर मस्जिद पर विशेष सुरक्षा की व्यवस्था की गई थी। कस्बा के मुन्सफी मस्जिद पर हाफिज इनामुल हक, हज्जी मस्जिद पर मौलाना अख्तर करहानी, पश्चिम मोहल्ला में हाफिज हासिम बाबू इलाही, पुरानी मस्जिद पर मौलवी इकबाल अहमद, सराय मस्जिद पर हाफिज अरमान, शिया मस्जिद पर मौलाना सैय्यद फैज अब्बास, मधु मस्जिद पर जब्बार मियां माजिद, कोठी हाफिज हबीबुर्रहमान रहमानिया ने नमाज अदा कराया।
सुखपुरा प्रतिनिधि के अनुसार पाकीजगी व अकीदत के साथ स्थानीय जामा मस्जिद मे शुक्रवार को भारी संख्या में रोजेदार मुस्लिम बंधुओं ने अलविदा नमाज अदा की। मस्जिद के इमाम मु. जाफर सादिक ने अलविदा जुमा की नमाज अदा कराया। मस्जिद में नमाजियों की भारी भीड़ के कारण मस्जिद से सटे मदरसे में भी नमाज अदा करने की व्यवस्था की गई थी।
बेल्थरारोड में अलविदा की नमाज अदा करने के लिए क्षेत्र के विभिन्न मस्जिदों में नमाजियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। नगर के जामा मस्जिद पर नमाजियों ने मस्जिद परिसर के अलावा मुख्य सड़क पर टेंट में नमाज अता की। नमाज के बाद रोजेदारों ने एक दूसरे से गले मिल ईद की मुबारकबाद दी। इस दौरान तहसीलदार यशवंतराव , क्षेत्राधिकारी श्रीराम, इंस्पेक्टर जेसी भारती समेत पीएसी के जवान मौजूद रहे। पूर्व विधायक गोरख पासवान ने जामा मस्जिद पहुंच मुस्लिम बंधुओं को ईद की मुबारकबाद दी।