रेलवे स्टेशन के समीप स्थित दुर्गा मंदिर में चोरों ने तीन माह में दूसरी बार ताला तोड़कर दुर्गा प्रतिमा से सोने की आंख और चांदी का मुकुट चुरा लिया। इसके साथ ही बगल में स्थित हनुमान मंदिर की दानपेटी तोड़ चोरों ने उसमें रखे हजारों रुपये चुरा लिए। शुक्रवार की रात चोरों ने घटना को अंजाम दिया। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। एसपी के निर्देश पर फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का जायजा लिया।
बांसडीहरोड थाना क्षेत्र के रेलवे स्टेशन के पास पुलिस पिकेट से मात्र 200 मीटर की दूरी पर स्थित दुर्गा मंदिर का शुक्रवार की रात चोरों ने ताला तोड़ा। दुर्गा प्रतिमा से सोने की आंख, चांदी का मुकुट और अन्य सामान गायब करने के बाद चोर पास स्थित फुलवारी में दान पेटिका को तोड़कर फेंक दिया था। इसके अलावा पास में ही स्थित हनुमान मंदिर की दान पेटिका भी तोड़कर उसमें से पैसे चुरा लिए। श्रद्धालु सुबह मंदिर में पूजन-अर्चन करने के लिए पहुंचे तब लोगों का चोरी का पता चला। लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की छानबीन में जुट गई।
बता दें कि तीन अप्रैल 2015 को भी चोरों ने इस मंदिर से देवी का चांदी का मुकुट और सोने की आंख चोरी कर ली थी। अभी उस मामले का भी पुलिस खुलासा नहीं कर पाई। बांसडीह के प्रभारी क्षेत्राधिकारी सुरेशचंद्र रावत ने स्थिति का जायजा लिया।
इस बाबत बांसडीहरोड के प्रभारी थानाध्यक्ष विनीत राय ने कहा कि मंदिर में चोरी के मामले में अज्ञात के विरुद्ध तहरीर मिली है। जल्द ही मुकदमा दर्जकर मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।