शहीद स्मारक बसंतपुर में विराट कृषि वानिकी स्वास्थ्य मेले के आयोजन किया गया है। इसका शुभारंभ सूबे के पिछड़ा एवं विकलांग कल्याण मंत्री अंबिका चौधरी और राज्यसभा सांसद नीरज शेखर ने संयुक्त रूप से पौधरोपण एवं फीता काटकर किया। इस दौरान कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को उत्तम खेती करने के गुर बताए। हजारों की संख्या में किसानों ने मेले में लगी प्रदर्शनी का अवलोकन किया और बेहतर खेती करने के बारे में जाना।
इस दौरान अनुदानित दर पर पांच किसानों को कृषि उपकरण दिए गए। गणमान्य लोगों ने मेले में लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दौरान मुख्य अतिथि श्री चौधरी ने कहा कि हमारी संस्कृति में वृक्षों का काफी महत्व है। हमारे पूर्वजों ने वृक्षों को देव का स्थान दिया है। उत्तर प्रदेश में मात्र आठ फीसदी वन बचे हैं। समय रहते हम सभी को पौधरोपण कर वनों का प्रतिशत बढ़ाना होगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने अपने बजट में किसानों का काफी ख्याल रखा है। किसान हित में कई योजनाएं लागू की गई है। केंद्र सरकार की आम बजट के बारे में बताया कि यह बजट उद्योगपतियों के इशारे पर बनाया गया है। इसमें किसानों की अनदेखी की गई है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सांसद नीरज शेखर ने वन विभाग के मुख्य संरक्षक उमाशंकर सिंह को मेला लगाने के बधाई दी। इसके लिए उन्होंने सभी का आभार जताया। कार्यक्रम में मुख्य वन संरक्षक उमाशंकर सिंह ने सभी अतिथियों को रुद्राक्ष का पौधा देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर मुख्य रूप से जिलाधिकारी यशवंत राव, पुलिस अधीक्षक राजूबाबू सिंह, सीडीओ के बालाजी, सीएमओ डा. पीके सिंह, उपनिदेशक कृषि टीपी सिंह, विधायक मो. रिजवी, गोरख पासवान, पूर्व चेयरमैन राजमंगल यादव, शिक्षकनेता जितेंद्र सिंह समेत काफी संख्या में किसान भ्ााई मौजूद रहे। संचालन आजमगढ़ से आए साहित्यकार कमला सिंह ने किया।