नेता जी टिकट मुझे दीजिए, पार्टी की उम्मीदों पर खरा उतरूंगा। अरे नहीं मंत्री जी वह तो लड़ाई में ही नहीं हैं। आपके पास आकर सिर्फ प्रदर्शन कर रहे हैं।
कुछ इस तरह का नजारा शनिवार को क्षेत्र के सिंचाई विभाग के डाकबंगले पर सपा की आयोजित बैठक में देखने को मिला। इसमें सपा कार्यकर्ता और जिला पंचायत के दावेदार प्रत्याशीगण अपनी अपनी दावेदारी को लेकर ताल ठोकते नजर आए।
दरअसल टिकट बंटवारे को लेकर कैबिनेट मंत्री अंबिका चौधरी ने शनिवार को एक बैठक बुलाई थी। टिकट लेने की होड़ में कार्यकर्ताओं का रवैया देख मंत्री अचरज में पड़ गए।
उन्होंने कहा कि आप सारे सपा के एक-एक अंग हो और आप सबके सहयोग से आज प्रदेश में सपा सरकार कायम है। कहा कि पार्टी द्वारा चयनित प्रत्याशी ही चुनाव लड़ेंगे तो पार्टी की मजबूती बरकरार रहेगी।
इस पर सभी कार्यकर्ताओं ने हामी भरी और कहा कि जैसा पार्टी का निर्णय होगा, उसी हिसाब से चुनाव लड़ा जाएगा। जिला उपाध्यक्ष शैलेश चौधरी पप्पू ने कहा कि एक सप्ताह में प्रत्याशियों का चयन कर दिया जाएगा।
बैठक की अध्यक्षता विधानसभा क्षेत्र फेफना के अध्यक्ष उमाशंकर यादव तथा संचालन शमीम उर्फ भोला ने किया। मौके पर राजमंगल यादव, कालिका चौधरी, लालबाबू यादव, दिनेश यादव, रामेश्वर चौधरी, अजय शंकर यादव, चरण चौधरी, अमित यादव, सर्वेश्वर पांडेय, राजेश यादव मौजूद थे।