सीडीओ के बालाजी बांसडीह ब्लाक परिसर में रविवार को मनरेगा की बैठक में शिरकत करने पहुंचे थे। इस दौरान आदर्श नगर पंचायत बांसडीह के अध्यक्ष सुनील कुमार बब्लू की शिकायत पर सीडीओ ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बांसडीह का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उपस्थिति पंजिका के साथ ही उपकरण और दवाओं को देखा। साथ ही लोगों द्वारा प्रसव के दौरान कर्मचारियों पर लगाए गए धन उगाही के आरोप की जांच का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।
रविवार को बांसडही ब्लाक का निरीक्षण करने पहुंचे सीडीओ के बालाजी से नगर पंचायत अध्यक्ष सुनील कुमार सिंह बब्लू ने सीएचसी बांसडीह पर फैली अव्यवस्था की शिकायत की। उनके शिकायत पर अचानक सीएचसी बांसडीह पहुंच कर्मचारियों से उपस्थिति पंजिका मांगी। इस पर कर्मचारियों ने कहा कि सीडीओ साहब आए थे और वही ले गए हैं। इस पर सीडीओ नाराज हो गए और कहा कि मैं पहली बार इस सीएचसी पर आया हूं फिर उपस्थिति पंजिका कहां से लेकर चला गया। नाराज सीडीओ ने कर्मचारियों की जमकर क्लास लगाई।
काफी पूछताछ के बाद पता चला कि शनिवार को निरीक्षण पर आए एसडीएम अनुज कुमार सिंह उपस्थिति पंजिका ले गए हैं। इसके बाद उन्होंने अस्पताल में दवाओं और उपकरण का निरीक्षण किया। वहां उपस्थित लोगों ने कहा कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा प्रभारी प्रत्येक शुक्रवार को पटना चले जाते हैं और कोई चिकित्सक अपात कालीन सेवा के लिए भी नहीं रहता है। इसके साथ ही महिला आयुष चिकित्सक संगीता राय पर अस्पताल परिसर में कम बैठने का आरोप लगाया।
कहा कि वो अस्पताल कार्यालय से ज्यादा अपने निजी प्राइवेट नर्सिंग होम में ज्यादा बैठती है। साथ ही लोगों ने सीएचसी के कर्मचारियों पर प्रसव के दौरान धनउगाही की शिकायत की। कहा कि प्रसव के लिए पहले 100 रूपये का रजिस्ट्रेशन कराया जाता है। उसके बाद एएनएम द्वारा धन उगाही किया जाता है। इस पर सीडीओ ने संबधित अधिकारी को मामले की जांच कराकर कार्रवाई कराने का आदेश दिया।