रसड़ा कोतवाली क्षेत्र में प्रेमी की शादी तय होने की सूचना मिलने पर प्रेमिका पहले उसके घर पर पहुंची, और वहां से परिवार वालों के विरोध करने पर वह कानून के शरण में गई, जहां पुलिस ने भी गंभीरता दिखाई और प्रेमिका को न सिर्फ न्याय मिला बल्कि उसकी प्रेमी से शादी भी हुई।
रसड़ा कोतवाली क्षेत्र के तिराहीपुर निवासी आरती साहनी के साथ गाजीपुर जनपद के बड़ेसर थाना अंतर्गत नवकापुरा निवासी कृष्णा साहनी से करीब पांच वर्ष पूर्व किसी शादी समारोह में आंखें चार हुई थी। इसके बाद दोनों का प्यार परवान चढ़ा और साथ जीने-मरने की कसम खाई। इसी बीच रिश्ता करवट लिया और प्रेमी ने अपनी शादी कहीं और तय कर ली। इसके बाद सगाई भी कर ली।
किसी प्रकार इसकी भनक प्रेमिका को लग गई। वह रोती हुई पहले गाजीपुर अपने प्रेमी के पास गई, जहां प्रेमी के परिवार वालों ने उसे अपनाने से इंकार कर दिया। इसके बाद रोती-बिलखती प्रेमिका रसड़ा कोतवाली में आई और पूरी आपबीती सुनाई। इसके बाद पुलिस गाजीपुर से प्रेमी को उठा ले आई। दोनों परिवार के लोग भी कोतवाली पहुंच गए। इसी बीच प्रेमी की शादी जिस लड़की से तय हुई थी, मंगेतर भी पहुंच गई। अंतत: पुलिस ने प्रेमी-प्रेमिका को एक कराया, वहीं मंगेतर को उसका सगाई में किए गए खर्च का रकम अदा करवाया। अंतत: दोनों परिवार की रजामंदी से शादी हुई और आरती सदा के कृष्णा के हो गई।