रसड़ा। नत्थोपुर संवरा गांव में बृहस्पतिवार की दोपहर को ट्रैक्टर-ट्राॅली की चपेट में आने छह वर्षीय छात्रा की मौत हो गई। वह प्राथमिक स्कूल से पढ़कर लौट रही थी।
अनीता (06) पुत्री घनश्याम चौहान निवासी नत्थोपुर गांव के ही प्राथमिक विद्यालय में पढ़ने गई थी। दोपहर बाद स्कूल से पैदल ही घर आ रही थी। गांव की सड़क से ही मिट्टी गिराने के लिए ट्रैक्टर-ट्राॅली जा रही थी। ट्रौली का पिछला हिस्सा अनियंत्रित होने के चलते छात्रा पिछले चक्के की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन और ग्रामीण उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर आए। चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर लगते परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं, गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना पर पहुंची पुलिस कार्रवाई में जुट गई।
कार पेड़ से टकराई : चिलकहर। गड़वार थाना क्षेत्र में हनुमान मंदिर के समीप एक कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि कार में कौन बैठा था इसका पता नहीं चला। क्षतिग्रस्त वाहन मौके पर पड़ा रहा। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक मूलचंद चौरसिया ने बताया कि घायल को इलाज के लिए भेज दिया गया था, लेकिन वह कहां का है यह मालूम नहीं है।