रेवती। थाना क्षेत्र में एक युवक ने युवती को जान से मारने की धमकी देकर दुष्कर्म किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। दुराचार की शिकार युवती गर्भवती बताई जा रही है। पीड़िता के भाई की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर आरोपी को गिरफ्तार कर चालान कर दिया। पीड़िता को मेडिकल मुआयना के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है।
पीड़िता के भाई ने थाने में एक युवक के विरुद्ध नामजद तहरीर देकर आरोप लगाया है कि उसके भाई के साले रोहित का आवागमन उसके घर होता था। तीन माह पूर्व मेरी बहन को जान से मारने की धमकी देकर उसने मेरे ही घर में दुष्कर्म किया। इसके बाद भी मेरे भाई के साला का आवागमन मेरे घर होता रहा और इस बीच वह मेरी बहन को धमकी देकर दुष्कर्म करता था। सोमवार को मेरी बहन की तबियत खराब होने पर जब हम अपनी बहन के इलाज के लिए चिकित्सक के यहां गए तो जांच के बाद चिकित्सक ने मेरी बहन के गर्भवती होने की बात बताई। बहन से जब इस बाबत पूछताछ की गई तो बताया कि तीन माह पूर्व रोहित ने जान से मारने की धमकी देकर मेरे साथ दुष्कर्म किया था। उसके बाद भी वह जब हमारे यहां आता था तो धमकी देकर दुष्कर्म करता था। तहरीर मिलते ही रेवती पुलिस ने आरोपी युवक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया। प्रभारी निरीक्षक रामायण सिंह ने बताया कि आरोपी युवक को गायघाट स्थित मां पचरूखा देवी मन्दिर के समीप से गिरफ्तार कर चालान कर दिया गया है।