जनपदवासियों के लिए सोमवार का दिन यादगार रहा। जिले को पटना के लिए सीधी ट्रेन की सौगात मिल गई। रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा ने औड़िहार रेलवे स्टेशन से रिमोट दबाकर गाजीपुर सिटी-कोलकाता साप्ताहिक एक्सप्रेस (शब्दभेदी) का शुभारंभ किया। दोपहर करीब 01 बजे बलिया स्टेशन पहुंचने पर सांसद भरत सिंह ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया। कोलकाता के लिए वाया पटना होकर नई ट्रेन मिलने से जनपदवासियों में खुशी का ठिकाना नहीं रहा। ट्रेन के पहुंचते ही लोगों ने जयकारा लगाकर रेलमंत्री और सांसद का धन्यवाद दिया।
इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद भरत सिंह ने कहा कि गाजीपुर से बलिया, पटना होते हुए कोलकाता जाने के लिए नई ट्रेन मिलने से जनपदवासियों को काफी सहूलियत होगी। पटना और कोलकाता के लिए नई ट्रेन चलवाने के लिए वह लगातार प्रयासरत थे। उनके प्रयास का फल मिला और 13121/13122 गाजीपुर सिटी से कोलकाता के बीच चलने वाली साप्ताहिक एक्सप्रेस को वाया बलिया होकर चलाने की स्वीकृति मिल गई। यह ट्रेन अभी तक गाजीपुर सिटी से वाया वाराणसी, मुगलसराय होकर कोलकाता के लिए चलती थी, जिसका शुभारंभ गत 14 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नित विकास के नए आयाम लिखे जा रहे हैं। जनता की समस्याओं के निवारण की दिशा में वह बराबर प्रयासरत हैं। कोलकाता के लिए नई ट्रेन को लेकर लोगों में उत्साह दिखा। दोपहर करीब 01 बजे जैसे ही ट्रेन बलिया रेलवे स्टेशन पर पहुंची, लोगों का हुजूम ट्रेन को देखने के लिए उमड़ पड़ा।
ट्रेन के चालक को मिठाई खिलाकर उसका स्वागत किया। इसके बाद सांसद भरत सिंह ने रेल अधिकारियों और पार्टी कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में नई ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह साप्ताहिक ट्रेन है, जो प्रत्येक सोमवार को गाजीपुर सिटी से चलकर अगले दिन मंगलवार को कोलकाता पहुंचेगी। इस मौके पर रेलवे के अधिकारी ईडीपीएम पीसी जायसवाल, स्टेशन अधीक्षक संजय सिंह, पूर्व विधायक मंजू सिंह, विक्रम सिंह, विजय बहादुर सिंह, अरुण सिंह बंटू, नागेंद्र पांडेय, अनूप चौबे, सुरेंद्र सिंह, जय प्रकाश साहू, बब्बन सिंह रघुवंशी, च्रद प्रकाश पाठक, जितेंद्र पांडेय, मंटू बिंद, अरीिवंद गांधी, अरुण सिंह गामा, डीएन राय आदि मौजूद रहे।