अखिल भारतीय डाक कर्मचारी संघ ग्रुप सी एवं अखिल भारतीय डाक कर्मचारी संघ एमटीएस व पोस्टमैन का संयुक्त द्विवार्षिक अधिवेशन रविवार को प्रधान डाकघर के मुख्य भवन के सभागार में आयोजित किया गया। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि केंद्र सरकार कारपोरेट घरानों को लाभ पहुंचाने में लगी है। आम लोगों से सरकार को कोई लेना-देना नहीं है। बजट के नाम पर कर्मचारियों एवं मध्यमवर्गीय लोगों के लिए कुछ नहीं है।
राष्ट्रीय संगठन के जनरल सेक्रेटरी कामरेड आरएन पराशर ने कहा कि बजट से डाक कर्मियों को निराशा हाथ लगी है। अब तक के क्रिया-कलाप से पता चलता है कि केंद्र सरकार गरीब एवं मध्यम वर्गीय लोगों का ख्याल नहीं रखा है।
सरकार ने नए पेंशन को लागू कर कर्मचारियों के साथ नाइंसाफी की है। केंद्रीय नेतृत्व के दिशा-निर्देश पर छह मई से व्यापक आंदोलन छेड़ा जाएगा। इस दौरान पिछली कार्यवाही का अनुमोदन, आय व्यय लेखा प्रस्तुतीकरण एवं पुष्टि संगठनात्मक चर्चा के साथ अन्य बिंदुओं पर भी चर्चा की गई।
इस मौके पर अध्यक्ष देशराज सिंह, उपाध्यक्ष राम अवधेश यादव, मंत्री अजय कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष संतोष कुमार गुप्ता को चुना गया। इस दौरान पोस्टमैन एमटीएस का 39वां अधिवेशन भी संपन्न हुआ। इस दौरान प्रदीप कुमार सिंह को अध्यक्ष, संतोष कु मार सिंह को उपाध्यक्ष, बच्चा लाल को कोषाध्यक्ष चुना गया।