बलिया। प्रधानाध्यापक एवं सहायक अध्यापक भर्ती परीक्षा-2021 के तहत चयनित अभ्यर्थियों को बीएसए मनीष कुमार सिंह ने नियुक्ति प्रक्रिया के अगले चरण के लिए आमंत्रित किया है। ई-मेल के माध्यम से प्राप्त सत्यापित चयन सूची के आधार पर अब चयनित अभ्यर्थियों के अभिलेखों (दस्तावेजों) का सत्यापन किया जाना है।
बीएसए ने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों को अपने सभी शैक्षिक एवं प्रशिक्षण संबंधी मूल प्रमाणपत्रों के साथ ऑनलाइन आवेदन पत्र की दो-दो स्वयं प्रमाणित प्रतियां लेकर आठ मई को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में अनिवार्य रूप से उपस्थित होना होगा। बीएसए ने स्पष्ट किया कि दस्तावेजों के सफल सत्यापन के बाद ही नियुक्ति की आगे की कार्यवाही शुरू की जाएगी और संबंधित विद्यालय के प्रबंध तंत्र को सूचना भेजी जाएगी। उन्होंने सभी चयनित अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे समय सीमा के भीतर अपनी उपस्थिति दर्ज कराएं ताकि विद्यालय आवंटन और नियुक्ति कार्य बिना किसी बाधा के संपन्न हो सके।