बलिया। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री रह चुके स्व. गौरी भइया की स्मृति में खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में स्वर्गीय गौरी भइया राज्य आमंत्रण पुरुष फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन 15 से 19 फरवरी को स्पोर्ट्स स्टेडियम बलिया में किया जाएगा।
उक्त बातें उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व खेल एवं युवा कल्याण मंत्री उपेंद्र तिवारी ने नगर के टैगोर नगर स्थित आवास पर सोमवार को आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान पत्रकारों को संबोधित करते हुए कही।
पूर्व मंत्री ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्घाटन 15 फरवरी को स्व. गौरी भईया की धर्मपत्नी ममता सिंह द्वारा किया जाएगा। वहीं समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त एवं प्रदेश सरकार के मंत्री दयाशंकर सिंह बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहेंगे।
प्रतियोगिता के दौरान प्रदेश सरकार के मंत्री दानिश अंसारी, राज्य सभा सांसद नीरज शेखर, विधायक केतकी सिंह, एमएलसी रविशंकर सिंह पप्पू, पूर्व विधायक संजय यादव आदि की भी गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। बताया कि गत वर्ष अपने कार्यकाल के दौरान ही गौरी भईया की स्मृति में यह आयोजन आवंटित कराया था। लेकिन आदर्श चुनाव आचार संहिता लगने के कारण आयोजन नहीं हो सका था। पुन: इस वर्ष जनपद को यह आयोजन आवंटित हुआ है। पूर्व खेल मंत्री ने इस बाबत कहा कि स्व. गौरी भईया के व्यक्तित्व एवं कृतित्व के अनुरूप इस फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।