इंदरपुर। क्रिकेट में बेहतर प्रदर्शन के दम पर बलिया के चार खिलाड़ियों ने अंडर-14 मंडल स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का परिचय देते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए जगह बनाई है। मंगलवार को वीर लोरिक स्पोर्ट्स स्टेडियम, बलिया में माध्यमिक विद्यालयों की मंडल स्तरीय प्रतियोगिता संपन्न हुई। इसमें शानदार प्रदर्शन के आधार पर चयनित चारों खिलाड़ी आगामी दिनों में कानपुर में होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में आजमगढ़ मंडल का प्रतिनिधित्व करेंगे।
चयनित खिलाड़ियों में जनता इंटर कॉलेज, नगरा के प्रभात कुमार सिंह बल्लेबाज के रूप में शामिल हैं। आदर्श अंबेडकर शिक्षण संस्थान, सिसवार के रितीक साहू विकेटकीपर-बल्लेबाज, अमर शहीद भगत सिंह इंटर कॉलेज, रसड़ा के प्रखर सिंह बल्लेबाज और गौतम बुद्ध उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, निकासी के बॉबी बाएं हाथ के मध्यम तेज गेंदबाज हैं। चारों खिलाड़ी इंडियन क्रिकेट अकादमी में अनुभवी कोच अब्दुल्लाह शाह के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण ले रहे हैं। कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. उमेशचंद पांडेय, खेल शिक्षक अनुज कुमार सिंह और कोच अब्दुल्लाह शाह ने प्रभात समेत सभी चयनित खिलाड़ियों को बधाई दी।