बलिया। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी सुभाष कुमार ने सोमवार को शाम चार बजे कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अनुपस्थित मिले चार कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने और संतोषजनक उत्तर नहीं देने पर वेतन बाधित करने का निर्देश दिया।
अधिशासी अधिकारी द्वारा अचानक किए गए निरीक्षण से कार्मिकों में हड़कंप की स्थिति रही। निरीक्षण के दौरान उपस्थिति पंजिका पर चार कर्मचारियों के हस्ताक्षर मिले, लेकिन वो अनुपस्थित मिले। इसके अलावा दो कर्मचारी ऐसे भी पाए गए जो कार्यालय में उपस्थित थे, लेकिन उनके द्वारा उपस्थिति रजिस्टर पर हस्ताक्षर नहीं किए गए थे। उनको भी अधिशासी अधिकारी द्वारा चेतावनी पत्र जारी किया गया। अधिशासी अधिकारी ने सभी कर्मचारियों से समय पर कार्यालय पहुंचने और अपने टेबल पर रहकर काम करने की हिदायत दी। अकारण कार्यालय से बाहर जाने पर उन्होंने विभागीय कार्रवाई की चेतावनी भी दी।