बलिया। गांजा तस्करों से संबंध रखने के आरोप में एसओजी के सिपाही समेत चार पुलिसकर्मियों को एसपी ओमवीर सिंह ने सस्पेंड कर दिया है। उन्होंने इस मामले की जांच एएसपी को दी है। एसपी की कार्रवाई से पुलिस महकमे में खलबली मची है।
बांसडीह कोतवाली पुलिस ने गत दिनों दो गांजा तस्करों को पकड़ा था। उनके पास तीन किग्रा से अधिक गांजा मिला।
पूछताछ में पकड़े गए तस्करों ने कुछ पुलिसकर्मियों पर बिहार से गांजा लाकर बेचने की एवज में पैसा लेने की जानकारी सीओ बांसडीह प्रभात कुमार को दी थी। उन्होंने पूरे मामले से एसपी को अवगत कराया।
एसपी ओमवीर सिंह ने मामले की जांच करवाने के बाद एसओजी में तैनात सिपाही विश्वविजय सिंह, बांसडीह रोड थाने पर तैनात दीवान चंद्रशेखर यादव, नगर कोतवाली में तैनात सिपाही मनीष शुक्ल व शहर के सतनी सराय पुलिस चौकी पर तैनात सिपाही सुनील कुमार को इस मामले में निलंबित कर दिया। जिले के कई क्षेत्रों में अवैध रूप से गांजे की तस्करी चरम पर है। इसकी शिकायत मिलती रहती है। पिछले दिनों नरहीं थाना क्षेत्र में गांजा बेचने का वीडियो वायरल हुआ था।