रेलवे स्टेशन के 12 मीटर चौड़े फुटब्रिज के लिए बृहस्पतिवार को गर्डन लॉन्चिंग के दौरान चार ट्रेनों का रूट डायवर्ट रहा। सुबह चार बजे से आठ बजे तक प्लेटफाॅर्म संख्या एक, दो व तीन नंबर ब्लॉक होने से ट्रेनों का संचालन चार नंबर से हुआ। उत्सर्ग एक्सप्रेस, पटना- दिल्ली एक्सप्रेस व छपरा-बलिया पैसेंजर सहित चार ट्रेनें छपरा- भटनी से बेल्थरारोड-औड़िहार होकर गुजरीं।
वहीं, बलिया-प्रयागराज पैसेंजर, सारनाथ एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनें एक से तीन घंटे विलंब रही। सियालदह अप व डाउन तीन से चार घंटा विलंब से रवाना हुईं। डीआरएम वाराणसी आशीष जैन इस दौरान पूरी टीम के साथ मौजूद रहे। उन्होंने कर्मचारियों को सुरक्षा के लिए आवश्यक निर्देश दिए। आरपीएफ व जीआरपी स्टेशन पर मुस्तैद रहे। मालगोदाम होकर यात्रियों को चार नंबर पर भेजा जा रहा था।
छपरा-वाराणसी रेल रूट पर सबसे ज्यादा आय वाला स्टेशन बलिया है। स्टेशन के दक्षिण हिस्से में मुख्य बाजार और उत्तरी क्षेत्र सिविल लाइन में सभी सरकारी कार्यालय व दो बड़े काॅलेज हैं। स्टेशन से प्रतिदिन 34 जोड़ी से ज्यादा ट्रेनों का संचालन होता है, जिससे 10 हजार से अधिक यात्री गंतव्य की ओर रवाना होते हैं। स्टेशन पर यात्री सुविधाओं व सुरक्षा का विस्तार 34 करोड़ रुपया में हो रहा है।
स्टेशन के उत्तरी व दक्षिणी परिसर को जोड़ने के लिए 12 मीटर चौड़े फुटओवर ब्रिज का निर्माण चल रहा है। नवंबर तक फुटओवर ब्रिज पूरा होेने की उम्मीद है। यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए वाराणसी की तर्ज पर अप्रैल 2024 में सात करोड़ रुपये में बनने वाले 12 मीटर चौड़े फुटओवर ब्रिज के निर्माण की नींव पड़ी थी। अधीक्षक सुनील सिंह ने बताया कि फुटब्रिज की निर्माण के लिए ट्रेना का ब्लॉक दिया जाएगा। बलिया स्टेशन पर गर्डर लॉन्चिंग के लिए यातायात एवं पावर ब्लॉक लिए जाने के कारण ट्रेनों का मार्ग परिवर्तन एवं पुनर्निर्धारण किया जाएगा। वाराणसी मंडल के पीआरओ अशोक कुमार ने बताया कि 09, 11, 12 अक्तूबर को चलने वाली 04090 आनंद विहार टर्मिनल-पटना विशेष ट्रेन परिवर्तित मार्ग औंड़िहार-मऊ-भटनी-छपरा के रास्ते चलाई जाएगी। 09 एवं 10 अक्तूबर को चलने वाली 15111 छपरा-वाराणसी सिटी एक्सप्रेस परिवर्तित मार्ग छपरा- सीवान-भटनी-मऊ के रास्ते चलाई जाएगी। 09 अक्तूबर को चलने वाली 04095 पटलिपुत्र-आनन्द विहार टर्मिनल विशेष गाड़ी परिवर्तित मार्ग छपरा-सीवान-भटनी-औंड़िहार के रास्ते चलाई जाएगी। 09, 11, 12 अक्तूबर को चलने वाली 15084 फर्रूखाबाद-छपरा विशेष गाड़ी परिवर्तित मार्ग मऊ-इंदारा-भटनी-छपरा के रास्ते चलाई जाएगी।