हल्दी। विकास खंड बेलहरी के सोनवानी स्थित ब्लॉक मुख्यालय के डवाकरा हाल में बृहस्पतिवार को ब्लॉक प्रमुख अर्चना तिवारी की अध्यक्षता में क्षेत्र पंचायत की बैठक हुई। इसमें विगत वर्ष की कार्रवाई की पुष्टि की गई आय-व्यय प्रस्तुत किया गया। इस दौरान 3 करोड़ 75 लाख से अधिक का श्रम बजट का प्रस्ताव पास किया गया।
प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, मुख्यमंत्री समग्र ग्राम विकास योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, अंत्योदय मिशन, मनरेगा योजना, स्वच्छता , आयुष्मान भारत आदि पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में ब्लॉक प्रमुख अर्चना तिवारी ने कहा कि क्षेत्र पंचायत सदस्यों के अधिकारों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है जिससे क्षेत्र का समुचित विकास नहीं हो पा रहा है। वहीं क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने 14 वें राजवित्त व मानदेय फिर से चालू करने की मांग की। इस मौके पर बीडीओ राजेश कुमार यादव, प्रभारी एडीओ पंचायत शशिभूषण दूबे, प्रधान शिवजी यादव, परमेश्वर यादव, त्रिवेणी सिंह, कमलेश प्रसाद, संतोष सिंह, उदय यादव, सचिव शशांक शेखर पांडेय, दिलीप सिंह, प्रेमप्रकाश सिंह, विनोद तिवारी, अशोक मिश्र, अमन कुमार, डा. मुकर्रम आदि रहे। ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि मृत्युंजय तिवारी ने आभार प्रकट किया।