सिकंदरपुर। विधानसभा क्षेत्र सिकंदरपुर से सपा विधायक मोहम्मद जियाउद्दीन रिजवी ने सोमवार को सिकंदरपुर कस्बे में कैंप कार्यालय पर आयोजित एक समारोह में 5 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली 36 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया।
रिजवी ने कहा कि सिकंदरपुर विधानसभा का सर्वांगीण विकास उनका प्रमुख लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि विकास सिर्फ शहरों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, गांवों में सड़क, पुल, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना मेरी प्राथमिकता है। विधायक ने कहा कि सिकंदरपुर क्षेत्र में प्रस्तावित खरीद-दरौली पक्का पुल, स्पोर्ट्स कॉलेज और अग्निशमन केंद्र जैसी बड़ी परियोजनाओं को लेकर सरकार की उदासीनता बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। विधायक ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले पर शोक व्यक्त किया। कहा कि अब समय आ गया है कि पाकिस्तान को उसी की भाषा में जवाब दिया जाए। रिजवी ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक हो चुकी है। आपराधिक घटनाओं में हो रही बेतहाशा वृद्धि पर उन्होंने चिंता जताई।