बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर रविवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी मुरली मनोहर लाल की अध्यक्षता में बैठक हुई। जिसमें चुनाव के दौरान यूपी बिहार सीमा पर विशेष चौकसी बरतने समेत कई बिंदुओं पर विचार विमर्श किया गया।
बैठक में जिलाधिकारी श्री लाल ने सिवान के जिलाधिकारी महेंद्र कुमार को आश्वस्त किया कि जिले से कोई भी अवैध सामान या अराजक तत्वों की आवाजाही नहीं हो सकेगी।
उन्होंने अपने अधिकारियों को भी निर्देश देते हुए कहा कि बिहार से सटी सीमाओं पर सीमावर्ती थानों के प्रभारी विशेष नजर रखें। इसके लिए चौकसी बरतने की आवश्यकता है।
कोई भी अराजक तत्व इधर- उधर न आने जाने पाए। अवैध सामान, किसी भी प्रकार का मादक पदार्थ या अवैध अस्त्र-शस्त्र भी कोई न ले जाने पाये।
सीमा पर कुछ भी संदिग्ध दिखे, उसकी कड़ी जांच करने के बाद ही जाने दिया जाए। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही को क्षम्य नहीं किया जाएगा। सीमा से सटे पुल पर होने वाली आवाजाही पर कड़ी नजर बनी रहे।
उन्होंने कहा कि विभिन्न घाटों और नावों पर भी नजर रखी जाएगी। इस दौरान डीएम ने संबंधित अधिकारियों को घाटवार नावों की सूची देने का निर्देश दिया और उसी के अनुसार छोटी बड़ी सभी नावों पर नजर रखने को कहा।
बैठक में बलिया के एसपी राजू बाबू सिंह, एडीएम केपी सिंह, एसडीएम सदर बच्चालाल, सीओ सिटी आदि उपस्थित रहे। वही सिवान के डीएम, एसपी शरद कुमार शाह, रिटर्निंग अफसर सीवान विंद प्रसाद, बृजबिहारी अंचल, बीडीओ पंकज उपाध्याय, अभिषेक चंद सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।