सदर तहसील में एसडीएम कार्यालय व नायब तहसीलदार कोर्ट के बाहर पसरा सन्नाटा।संवाद
बलिया। सदर तहसील में पिछले एक महीने से मुकदमों की सुनवाई की जगह सिर्फ अगली तारीख मिल रही है। सोमवार को तहसील में पड़ताल के दौरान सभी कोर्ट खाली थे। कुछ में पेशकार व कर्मचारी बैठे मिले। उन्होंने बताया कि मतदाता विशेष पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) में डयूटी लगने के कारण साहब व्यस्त हैं। 11 दिसंबर के बाद कोर्ट नियमित चलेगा।
मुकदमा की सुनवाई के लिए तय तिथि पर दूर दराज क्षेत्रों से वादकारी समय से पहुंचकर कर्मचारी से बातचीत कर रहे थे। मुकदमाें की सुनवाई न होने के कारण अधिवक्ता से अगली तारीख लेकर लौटने को मजबूर हुए।
सदर तहसील में सात कोर्ट में करीब 982 से ज्यादा मुकदमे चल रहे हैं। तहसील में सात कोर्ट में रोजाना करीब छह सौ मुकदमों का ट्रायल होता है। एसडीएम कोर्ट 140 मुकदमे, एसडीएम न्यायिक में 113, तहसीलदार के यहां 74, तहसीलदार न्यायिक के यहां 112, नायब तहसीलदार गड़वार के यहां 53, नायाब तहसीलदार गड़हा के यहां 43, नायब तहसीलदार नगर के पास 55 मुकदमों की सुनवाई होती है।
चार नवंबर से चुनाव आयोग के निर्देश पर एसडीएम सहित सभी अधिकारी एसआईआर कार्यों की निगरानी में लगे हैं। मतदाताओं का एसआईआर फाॅर्म को जल्द से जल्द भर कर अपलोड करवा रहे हैं। इसके कारण पिछले एक महीने से कोर्ट नहीं चल रहे हैं। वादकारी दूर दराज क्षेत्रों से मुकदमा की सुनवाई की आस में पहुंचते हैं। लेकिन कोर्ट नहीं चलने के कारण निराश होकर अधिवक्ता से अगली तारीख लेकर लौटने को मजबूर हैं। हाईकोर्ट के निर्देशन व अन्य जरूरी मुकदमों की सुनवाई कर रहे या एक सप्ताह का डेट मिल रहा है। अधिकतर वादकारी को जनवरी के प्रथम सप्ताह की तारीख मिल रही है।
सदर तहसील में एसडीएम कार्यालय व नायब तहसीलदार कोर्ट के बाहर पसरा सन्नाटा।संवाद