बलिया। मई महीने के पहले पखवाड़े में मौसम की मार लोगों पर भारी पड़ने लगी है। पांच दिनों से तीखी धूप व गर्म हवाओं के थपेड़ों से हर कोई बेहाल है। गर्मी का प्रभाव इतना ज़्यादा है कि लोग घर से बाहर निकलने से भी हिचकिचा रहे हैं। बुधवार को जिले का अधिकतम तापमान 42 व न्यूनतम 26.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
इस सीजन में चौथी पर बार तापमान 42 डिग्री के पार पहंुचा है। इससे पहले 24,25,27 अप्रैल को तापमान 42 डिग्री से ज्यादा रिकॉर्ड किया गया था। बुधवार की सुबह की शुरुआत तीखी धूप व उमस से हुई। सुबह आठ बजे से ही तेज धूप सहने लायक नहीं थी। दोपहर में शहर की सड़कों पर वाहन कम ही दिखे। लोग गमछा व टोपी सिर पर लगाकर ही बाहर निकले।
लंबी दूरी की सड़कों पर लोग पेड़ के नीचे सुस्ताते हुए दिखे। तीखी धूप से पशु-पक्षी भी बेहाल दिखे। लोग गर्मी से बचने के लिए तरबूज, खीरा, सत्तू व बेल का शर्बत, आम का पन्ना आदि का सेवन कर रहे हैं। भीषण गर्मी के बीच बिजली कटौती लोगों पर भारी पड़ने लगी है। बिजली सप्लाई बंद होने घरों से बाहर आ जा रहे है। इससे सबसे ज्यादा दिक्कत महिला व बच्चों को हो रही है।