बलिया। दुध और खाद्य पदार्थों में मिलावटखोरी की मिल रही शिकायतों पर कारवाई करते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने नगरा क्षेत्र के खरुआव स्थित दूध एवं दुग्ध उत्पाद निर्माण इकाई शिवा एंड संस एग्रो प्रोडक्ट पर छापा मारा और पांच नमूने लिए। इसमें दुग्ध संबंधी उत्पाद शामिल थे।
टीम ने निरीक्षण के दौरान परिसर की साफ-सफाई करने का निर्देश भी इकाई संचालक को दिया। फैक्ट्री में मिली कमियों के लिए मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक कुमार श्रीवास्तव ने इकाई संचालक को नोटिस जारी किया। इसके पूर्व टीम ने चिलकहर, संवरा आदि स्थानों से फुटकर दूध विक्रेताओं से भी तीन नमूने जांच के लिए एकत्र किया।
इस कार्रवाई से इलाके के दूधियों में अफरातफरी का माहौल रहा। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि खाद्य पदार्थो में मिलावट की रोकथाम के लिए विभाग सक्रिय है और भविष्य में भी छापा जारी रहेगा। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिनेश कुमार राय, अमित कुमार सिंह, बिपिन कुमार गिरि, नरेन्द्र कुमार व संतोष कुमार शामिल रहे।