बलिया। खाद्य सुरक्षा और औषधि विभाग की ओर से संचालित फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स नामक मोबाइल प्रयोगशाला शनिवार से जिले में है। इसके तहत, विभाग की ओर लोगों को खाद्य पदार्थों की सुरक्षा और जांच के बारे में जागरूक करने के साथ ही खाद्य पदार्थों की निशुल्क जांच भी जा रही है। दो दिन में मोबाइल प्रयोगशाला में करीब 98 नमूनों की जांच हुई, जिसमें 12 नमूने फेल पाए गए। इस दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने करीब चार सौ लोगों को मिलावट के खिलाफ जागरूक भी किया।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी डीके राय ने बताया कि मोबाइल प्रयोगशाला के माध्यम से खाद्य सुरक्षा और औषधि विभाग की ओर से मौके पर ही लोगों को खाद्य पदार्थों की जांच करके मिलावट के बारे में बताया जा रहा है। सीएफओ ने बताया कि शनिवार को एफएसडब्लू की ओर से पचखोरा, सुखपुरा और कुंवर सिंह चौराहा समेत कुल 16 स्थानों पर 50 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच किये गये, जिसमें सात नमूने मानक के अनुरूप नहीं पाये गये और 165 लोगों को खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
रविवार को शहर के सतीशचंद्र कॉलेज चौराहा, कदम चौराहा, चौक और गुदरी बाजार में स्थित विभिन्न प्रतिष्ठानों से संग्रहित 48 नमूनों का मोबाइल प्रयोगशाला में परीक्षण किया गया। इसमें पांच नमूने फेल मिले। फूड सेफ्टी व्हील के साथ चल रही टीम ने नगर के मुख्य बाजारों में दो सौ से अधिक लोगों को मिलावट के प्रति जागरूक किया।
मोबाइल लैब में मिल्क एनालाइजर, हॉट एयर ओवन, हॉट प्लेट, मिक्सर ग्राइंडर, डिजिटल वेइंग स्केल, डिजिटल मल्टी पैरामीटर, हेड हेल्ड मीटर, डिजिटल रिफ्रेक्टोमीटर आदि उपकरण मौजूद हैं। मौके पर दूध में फैट की मात्रा, मिलावट वाले स्टार्च, यूरिया, पानी में जीएच जैसे रसायनों के अलावा खाद्य पदार्थों में मिलावट की जांच निशुल्क की जा रही है। मोबाइल प्रयोगशाला 25 जनवरी तक जिले की सभी तहसीलों में मिलावटी खाद्य वस्तुओं पर अंकुश लगाने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। - डॉ. वेद प्रकाश मिश्रा, सहायक आयुक्त द्वितीय, खाद्य सुरक्षा और औषधि प्रशासन, बलिया