घटाव के बाद भी सरयू खतरा निशान के ऊपर
पिछले कई दिनों से सरयू नदी के जलस्तर में उतार-चढ़ाव का क्रम चल रहा है। नदी का पानी खतरे के निशान से 28 सेंटीमीटर ऊपर बह रहा है, लेकिन जलस्तर में घटाव का सिलसिला शुरू हो जाने से बाढ़ की संभावना फिलहाल टल गई है।
केंद्रीय जल आयोग के अनुसार सोमवार की शाम जलस्तर 64.29 मीटर दर्ज किया गया, जो लाल निशान 64.01 मीटर से 28 सेंटीमीटर अधिक है। नदी के तेवर नरम पड़ जाने से जलस्तर में घटाव का सिलसिला जारी है। पिछले 24 घंटे के दौरान 16 सेंटीमीटर की गिरावट दर्ज की गई। आयोग ने अगले 24 घंटे में जलस्तर में कमी होने का अनुमान किया है। बाढ़ का खतरा फिलहाल टल जाने से तटवर्ती दर्जनों ग्रामों के हजारों लोगों ने राहत की अनुभूति की है।