पुलिस महानिदेशक जावेद अहमद के निर्देश पर नगर के ओक्डेनगंज चौकी प्रांगण में शनिवार को पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार झा की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें अपराध व अपराधियों पर नकेल कसने तथा यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने का निर्देश मातहतों को दिया गया। इसके बाद एसपी के नेतृत्व में नगर में फ्लैग मार्च भी किया गया।
एसपी ने कहा कि हरहाल में अपराध व अपराधियों पर पैनी नजर रखी जाएगी। थाने और पुलिस चौकी पर पहुंचे फरियादियों की फरियाद सुनी जाए तथा प्राथमिकी दर्ज हो। ऐसा करने पर फरियादियों में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ता है।
इसके अलावा नगर में यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। ताकि नगर में जाम न लगे। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक के बाद नगर में फ्लैग मार्च किया गया, जो ओक्डेनगंज से निकलकर नगर के शहीद चौक, विजय सिनेमा रोड, एलआईसी रोड, मालगोदाम रोड, स्टेशनरोड, हास्पिटल रोड आदि होते हुए नगर का भ्रमण किया। साथ ही सड़क पर अतिक्रमण न करने की चेतावनी दूकानदार व ठेले वालों की दी गई।
इस मौके पर सीओ कृष्ण चंद्र सिंह, शहर कोतवाल प्रमेश कुमार सिंह, ओक्डेनगंज चौकी प्रभारी सत्येंद्र राय, चंद्रशेखर नगर चौकी प्रभारी विवेक पांडेय, बिचलाघाट चौकी प्रभारी डीके सिंह, जापलिनगंज चौकी प्रभारी सरफराज, सतनी सराय चौकी प्रभारी भानू प्रताप सिंह समेत पीएसी मौजूद रही।