बैरिया। क्षेत्र के एक स्कूल पर राष्ट्रीय कृमि दिवस पर बुधवार को बच्चों को कृमि मारने की दवा एल्बेंडाजोल खिलाने पर पांच बच्चे बेहोश हो गए। यह देख स्वास्थ्य कर्मियों व चिकित्सकों के हाथ पैर फूल गए। तत्काल एंबुलेंस से बच्चों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोटवा पहुंचाया गया। अस्पताल में इलाज के बाद सभी बच्चों को होश आया और अब खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।
शिक्षा क्षेत्र का बैरिया अंतर्गत नवीन प्राथमिक विद्यालय दुर्जनपुर में बच्चों को कृमि मारने की दवा एल्बेंडाजोल की खुराक दी गई। इसके बाद पवन कुमार 9 पुत्र बैजनाथ बसफोर कक्षा तीन, मुन्ना कुमार 11 पुत्र बुधन बसफोर कक्षा चार, अंकिता पाल 10 पुत्री अशोक पाल कक्षा चार, ओमशक्ति पासवान 7 पुत्र लालजी पासवान कक्षा दो, गंगाजलि पासवान 9 पुत्री गौतम पासवान कक्षा पांच को उल्टी होने लगी और बेहोश हो गए। यह देख दवा पिलाने वाले स्वास्थ्य कर्मियों व शिक्षकों के हाथ पैर फूलने लगे। तत्काल सभी बच्चों को एंबुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोटवा लाया गया। जहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर आरबी सिंह ने सभी बच्चों का इलाज किया। इलाज के बाद बच्चे होश में आ गए। इस बाबत सिंह ने बताया कि कभी-कभी इस तरह की स्थिति यह दवाई खाने के बाद हो जाती है, सभी बच्चे खतरे से बाहर हैं, सभी को अब घर भेजा जा रहा है। उधर, खंड शिक्षा अधिकारी बैरिया दुर्गा प्रसाद सिंह ने बताया कि खाना खाने के तत्काल बाद बच्चों को कृमि की दवा दी गई थी। जिसके चलते कुछ बच्चे उल्टी करने लगे। कोई खतरे की बात नहीं है सभी बच्चे स्वस्थ हैं।