नगर के टाउन हाल में बोर्ड परीक्षा को लेकर आयोजित बैठक को संबोधित करते जिलाधिकारी सुरेंद्र विक्रम।
- फोटो : अमर उजाला
यूपी बोर्ड परीक्षा को नकलविहीन और शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए टाउन हॉल में जिलाधिकारी सुरेंद्र विक्रम ने बैठक की। इसमें जनपद के आला अधिकारियों के साथ केंद्र व्यवस्थापक, सभी एसडीएम- सीओ व थानाध्यक्ष मौजूद रहे। डीएम ने कहा कि परीक्षा को निर्भीक होकर कराएं। साफ किया कि परीक्षा की शुचिता से खिलवाड़ पर सख्ती से निपटा जाएगा। जिस पर पुलिस सख्ती कार्रवाई करेगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षार्थियों अगर नकल करते हुए पकड़ा जाए तो नियमानुसार कार्रवाई हो। लेकिन अगर परीक्षार्थी के अलावा कोई और नकल कराते हुए या कोई और असामाजिक कार्य करते हुए पकड़ा जाए तो उसके साथ पुलिस अपने तरीके से निपटेहगी। किसी भी सूरत में बोर्ड के निर्देशों का पालन कराया जाए। कहा कि परीक्षा केंद्र के सौ मीटर का एरिया प्रतिबंधित एरिया होगा। आसपास की फोटो स्टेट, साइबर कैफे आदि की दुकानें बंद रहेंगी। केंद्र व्यवस्थापक, कक्ष निरीक्षक या किसी अध्यापक को धमकी की शिकायत मिलती है तो ऐसे लोगों से सख्ती से पेश आया जाएगा। इससे पहले प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश सिंह ने परीक्षा की पूरी व्यवस्था से अवगत कराया परीक्षा के नियम-कानूनों को बकायदा जानकारी दी। कहा कि परीक्षा को देखते हुए रात के समय किसी भी सूरत में लाउडस्पीकर नहीं बजना चाहिए। पुलिस इसका कड़ाई से पालन कराए। ।
जिलाधिकारी ने कहा कि बालिकाओं की चेकिंग महिला स्टाफ ही करेगी। इसके लिए आगनबाडी की सीडीपीओ व सुपरवाइजर आदि जैसी महिला कर्मियों की व्यवस्था की जा रही है। पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार ने सभी केंद्र व्यवस्थापको को भरोसा दिलाया कि प्रत्येक परीक्षा केंद्रों पर पुलिस की नजर रहेगी। डीएम ने सभी केंद्र व्यवस्थापकों को भरोसा दिलाया कि वेतन या पारिश्रमिक लंबित होने की समस्या हर हाल में 3 फरवरी से पहले निपटा ली जाएगी। कहा कि सीसीटीवी कैमरे करीब सभी केंद्रों पर लग गए हैं। दो-चार केंद्र अभी भी बाकी हैं वह शीघ्र लगवा लें। बैठक में एएसपी विजयपाल सिंह, अतुल तिवारी के अलावा समस्त प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी मौजूद थे।