नगरा/ चिलकहर। नगरा थाना क्षेत्र के सलेमपुर सिंघई मार्ग स्थित शंकर पुर डेहरी गांव के पास बुधवार की रात रसड़ा थाना क्षेत्र के बर्रेबोझ गांव निवासी व कोटेदार राम प्रताप सिंह (32) को उन्हीं के भाई और भतीजे ने गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। संयोग अच्छा रहा कि बाइक चला रहे नन्हें सिंह घायलावस्था में उसे लेकर बगल स्थित बस्ती में लेकर चले गए, जिससे उनकी जान बच गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस व आसपास के लोगों सहयोग से घायल को सीएचसी रसड़ा पहुंचाया गया, जहां से स्थिति गंभीर देख चिकित्सकों ने वाराणसी रेफर कर दिया। कोटेदार के पिता ने दो लोगों के विरुद्घ नामजद तहरीर पुलिस को दी है, जिसके आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी में जुट गई है। घटना का मुख्य कारण कोटे की दुकान का विवाद बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार की शाम रसड़ा कोतवाली क्षेत्र के बर्रेबोझ निवासी व कोटेदार रामप्रताप सिंह गांव के ही नन्हें सिंह के साथ बाइक से निमंत्रण देने पकड़ी गए थे, वहां से लौटते समय जैैसे ही वह सलेमपुर सिंघई मार्ग पर स्थित शंकरपुर डेहरी गांव के समीप पहुंचे कि अपाची बाइक से पिछा कर रहे उन्हीं के भाई व भतीजा ने जान से मारने की नीयत से कोटेदार रामप्रताप सिंह पर गोली चला दी। संयोग अच्छा रहा कि पहली गोली नहीं लगी, लेकिन दूसरी गोली कमर के पास जा लगी।
इस मामले में घायल के पिता राजनारायण सिंह ने सतीश सिंह व उत्तम सिंह के विरुद्ध नामजद तहरीर दी है। निगरा पुलिस ने दोनों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की खोजबीन शुरू कर दी है।
----------
घायल कोटेदार के पिता की तहरीर पर दो लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
- शिवनारायण वैस, क्षेत्राधिकारी रसड़ा।