नरही। थाना क्षेत्र के ग्राम कुल्हड़िया के पूर्व प्रधान व प्रधान प्रत्याशी के पुत्र को शुक्रवार की देर रात कट्टा चेक करते समय हुए फायर में गोली लगने से सनसनी फैल गई। परिजनों ने आनन-फानन में उसे सीएचसी नरही पहुंचाया, जहां से चिकित्सकों ने स्थिति गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया और यहां से वाराणसी के लिए रेफर कर दिया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक के चार साथियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
बताया जाता है कि नरहीं थाना क्षेत्र के कुल्हड़िया गांव में शुक्रवार की रात प्रधान प्रत्याशी के पुत्र आशीष चौधरी गांव के बाहर अपने कुछ साथियों के साथ शराब पी रहा था। इसी दौरान वह किसी का कट्टा चेक करने लगा कि अचानक फायर हो गया और गोली आशीष के पैर व बांह में जा लगी जिससे वह लहूलुहान हो गया। जानकारी होते ही परिजन उसे सीएचसी ले गए जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। उधर, सूचना मिलते ही नरहीं पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायल युवक के साथ शराब पी रहे चारों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए युवकों के पास से तमंचा और कारतूस पुलिस ने बरामद किया। पकड़े गए युवकों में अनीश पाल, अभिषेक पाल, पंकज कुमार, विनय कुमार पाल है। जिनके पास से कुल चार कट्टा 315 बोर व सात कारतूस बरामद किया गया। पुलिस ने चारों युवकों के खिलाफ आर्म्स एक्ट में मुकदमा पंजीकृत कर जेल भेज दिया। इस बाबत थानाध्यक्ष नरही योगेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि आशीष ने विरोधियों को फंसाने के लिए घटना को अंजाम दिया है। इस घटना में प्रयुक्त असलहा एवं उसके चार साथियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। घायल के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।